Shri Banke Bihari Chalisa in Hindi | श्री बाँके बिहारी चालीसा

Banke Bihari Chalisa

।। दोहा ।।

बांकी चितवन कटि लचक, बांके चरन रसाल ।
स्वामी श्री हरिदास के बांके बिहारी लाल ।।


।। चौपाई ।।

जै जै जै श्री बाँकेबिहारी ।
हम आये हैं शरण तिहारी ।।

स्वामी श्री हरिदास के प्यारे ।
भक्तजनन के नित रखवारे ।।

 

श्याम स्वरूप मधुर मुसिकाते ।
बड़े-बड़े नैन नेह बरसाते ।।

पटका पाग पीताम्बर शोभा ।
सिर सिरपेच देख मन लोभा ।।

 

तिरछी पाग मोती लर बाँकी ।
सीस टिपारे सुन्दर झाँकी ।।

मोर पाँख की लटक निराली ।
कानन कुण्डल लट घुँघराली ।।

 

नथ बुलाक पै तन-मन वारी ।
मंद हसन लागै अति प्यारी ।।

तिरछी ग्रीव कण्ठ मनि माला ।
उर पै गुंजा हार रसाला ।।

 

काँधे साजे सुन्दर पटका ।
गोटा किरन मोतिन के लटका ।।

भुज में पहिर अँगरखा झीनौ ।
कटि काछनी अंग ढक लीनौ ।।

 

कमर-बांध की लटकन न्यारी ।
चरन छुपाये श्री बाँकेबिहारी ।।

इकलाई पीछे ते आई ।
दूनी शोभा दई बढाई ।।

 

गद्दी सेवा पास बिराजै ।
श्री हरिदास छवी अतिराजै ।।

घंटी बाजे बजत न आगै ।
झाँकी परदा पुनि-पुनि लागै ।।

 

सोने-चाँदी के सिंहासन ।
छत्र लगी मोती की लटकन ।।

बांके तिरछे सुधर पुजारी ।
तिनकी हू छवि लागे प्यारी ।।

 

अतर फुलेल लगाय सिहावैं ।
गुलाब जल केशर बरसावै ।।

दूध-भात नित भोग लगावैं ।
छप्पन-भोग भोग में आवैं ।।

 

मगसिर सुदी पंचमी आई ।
सो बिहार पंचमी कहाई ।।

आई बिहार पंचमी जबते ।
आनन्द उत्सव होवैं तबते ।।

 

बसन्त पाँचे साज बसन्ती ।
लगै गुलाल पोशाक बसन्ती ।।

होली उत्सव रंग बरसावै ।
उड़त गुलाल कुमकुमा लावैं ।।

 

फूल डोल बैठे पिय प्यारी ।
कुंज विहारिन कुंज बिहारी ।।

जुगल सरूप एक मूरत में ।
लखौ बिहारी जी मूरत में ।।

 

श्याम सरूप हैं बाँकेबिहारी ।
अंग चमक श्री राधा प्यारी ।।

डोल-एकादशी डोल सजावैं ।
फूल फल छवी चमकावैं ।।

 

अखैतीज पै चरन दिखावैं ।
दूर-दूर के प्रेमी आवैं ।।

गर्मिन भर फूलन के बँगला ।
पटका हार फुलन के झँगला ।।

 

शीतल भोग , फुहारें चलते ।
गोटा के पंखा नित झूलते ।।

हरियाली तीजन का झूला ।
बड़ी भीड़ प्रेमी मन फूला ।।

 

जन्माष्टमी मंगला आरती ।
सखी मुदित निज तन-मन वारति ।।

नन्द महोत्सव भीड़ अटूट ।
सवा प्रहार कंचन की लूट ।।

 

ललिता छठ उत्सव सुखकारी ।
राधा अष्टमी की चाव सवारी ।।

शरद चाँदनी मुकट धरावैं ।
मुरलीधर के दर्शन पावैं ।।

 

दीप दीवारी हटरी दर्शन ।
निरखत सुख पावै प्रेमी मन ।।

मन्दिर होते उत्सव नित-नित ।
जीवन सफल करें प्रेमी चित ।।

 

जो कोई तुम्हें प्रेम ते ध्यावें।
सोई सुख वांछित फल पावैं ।।

तुम हो दिनबन्धु ब्रज-नायक ।
मैं हूँ दीन सुनो सुखदायक ।।

 

मैं आया तेरे द्वार भिखारी ।
कृपा करो श्री बाँकेबिहारी ।।

दिन दुःखी संकट हरते ।
भक्तन पै अनुकम्पा करते ।।

 

मैं हूँ सेवक नाथ तुम्हारो ।
बालक के अपराध बिसारो ।।

मोकूँ जग संकट ने घेरौ ।
तुम बिन कौन हरै दुख मेरौ ।।

 

विपदा ते प्रभु आप बचाऔ ।
कृपा करो मोकूँ अपनाऔ ।।

श्री अज्ञान मंद-मति भारि ।
दया करो श्रीबाँकेबिहारी ।।

 

बाँकेबिहारी विनय पचासा ।
नित्य पढ़ै पावे निज आसा ।।

पढ़ै भाव ते नित प्रति गावैं ।
दुख दरिद्रता निकट नही आवैं ।।

 

धन परिवार बढैं व्यापारा ।
सहज होय भव सागर पारा ।।

कलयुग के ठाकुर रंग राते ।
दूर-दूर के प्रेमी आते ।।

 

दर्शन कर निज हृदय सिहाते ।
अष्ट-सिध्दि नव निधि सुख पाते ।।

मेरे सब दुख हरो दयाला ।
दूर करो माया जंजाल ।।

 

दया करो मोकूँ अपनाऔ ।
कृपा बिन्दु मन में बरसाऔ ।।


।। दोहा ।।

ऐसी मन कर देउ मैं ,
निरखूँ श्याम-श्याम ।
प्रेम बिन्दु दृग ते झरें,
वृन्दावन विश्राम ।।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Main Menu

Are you confused, which rudraksha is good for you?, Lets discuss with our rudraksha experts.